Publish Date:Fri, 13 Oct 2017 11:23 AM (IST)

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत भुखमरी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। ऐसे 119 देशों की वैश्विक सूची में भारत 100वें स्थान पर है। इस मामले में उत्तर कोरिया, बांग्लादेश और इराक से भारत पिछड़ गया है लेकिन राहत की बात यही है कि पाकिस्तान की तुलना में इसकी स्थिति बेहतर है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पिछले वर्ष भारत इस सूची में 97वें स्थान पर था।
बच्चों में कुपोषण की स्थिति गंभीर होने से देश में भुखमरी की गंभीर स्थिति है। इसपर काबू पाने के लिए सामाजिक क्षेत्र के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता की दरकार है। अंतरराष्ट्रीय खाद्य नीति अनुसंधान संस्थान (आइएफपीआरआइ) ने अपनी रिपोर्ट में सामाजिक क्षेत्र पर बल देने के लिए कहा है।
आइएफपीआरआइ ने एक बयान में कहा है, '119 देशों की सूची में भारत 100वें स्थान पर है और एशिया के सभी देशों में से दो की स्थिति इससे ज्यादा गंभीर है। एशिया के केवल अफगानिस्तान और पाकिस्तान बेहद खराब देशों में शामिल हैं।'
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत अपने कई पड़ोसी देशों चीन (29वां), नेपाल (72वां), म्यांमार (77वां), श्रीलंका (84) और बांग्लादेश (88वां) से नीचे आया है। पाकिस्तान 106वें और अफगानिस्तान 107वें स्थान पर हैं। उत्तर कोरिया 93वें, जबकि इराक 78वें स्थान पर हैं।
यह भी पढ़ें: बीमारी से भुखमरी के कगार पर परिवार
By Manish Negi
Comments
Post a Comment